रफ़्तार मिडिया /तमाड़ संवाददाता
रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। जमीन विवाद में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बारेडीह गांव निवासी गोविंद महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।बताया जा रहा है कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बारेडीह गांव निवासी गोविंद महतो अपने खेत में धान का बीज डालने गए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार हथियार से गोविंद महतो पर हमला कर दिया और उनका गला काटकर हत्या कर दी।काफी देर तक गोविंद महतो के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब परिवार के लोग खेत पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खेत में गोविंद महतो का शव पड़ा था और गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।घटना की जानकारी मिलने के बाद तमाड़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।तमाड़ के बारेडीह गांव में हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जमीन विवाद में हुई इस खूनी वारदात के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस हत्या के पीछे कौन लोग हैं और कब तक उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाता है।