ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक, मोतिहारी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नितिन त्रिपाठी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए और विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर जागरूक किया।
अपने संबोधन में उन्होंने साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव, मानव तस्करी, नालसा डॉन योजना, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, बाल श्रम उन्मूलन, एंटी रैगिंग कानून, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (POSH Act) तथा निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकार सहित अनेक संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को पैरा लीगल वालंटियर (PLV) के रूप में जुड़कर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजकीय पॉलिटेक्निक, मोतिहारी के प्राचार्य सत्यदेव कुमार सहित शिक्षक एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।