रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

चित्तरंजन स्टेशन रोड के फुटपाथ दुकानदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जन सेवा पार्टी के नेता राकेश लाल से मुलाकात कर मिहिजाम नगर परिषद के नए आदेश पर अपनी गहरी नाराजगी जताई। दुकानदारों ने बताया कि नगर परिषद द्वारा रोजाना 10 से 15 रुपये वसूलने का फरमान जारी किया गया है, जो उनके लिए पूरी तरह अनुचित और अन्यायपूर्ण है। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए राकेश लाल ने कहा कि नगर परिषद चुनाव के बाद से आम जनता पर लगातार करों का बोझ डाला जा रहा है। संपत्ति कर होल्डिंग टैक्स में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। दुकानदार पहले से ही व्यावसायिक लाइसेंस ट्रेड लाइसेंस का भुगतान कर रहे हैं, इसके बावजूद उन पर नए-नए कर थोपना सरासर गलत है। उन्होंने आगे कहा कि ये छोटे व्यापारी फल, सब्जी और दैनिक जरूरतों का सामान बेचकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। नगर परिषद इन्हें कोई बुनियादी सुविधा तक नहीं देती। उल्टे चितरंजन रेल इंजन कारखाना और रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आए दिन इनका सामान फेंक दिया जाता है। नगर परिषद आज तक इन्हें एक स्थायी बाजार उपलब्ध नहीं करा सकी है, तो फिर किस आधार पर यह अतिरिक्त शुल्क मांगा जा रहा है? जन सेवा पार्टी ने जिला उपायुक्त से इस दैनिक वसूली पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। साथ ही नगर परिषद को चेतावनी दी गई है कि यदि गरीब दुकानदारों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो पार्टी कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे। इस बैठक में परिमल कुंडू, प्रणब बिस्वास, नंदलाल दास, मोहम्मद रियाज आलम समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।