सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। विगत कई वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी रथयात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया, जिसमें कांड्रा समेत आसपास के दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के सुसज्जित रथ के दर्शन और रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे रथयात्रा मार्ग में श्रद्धालु "जय जगन्नाथ" के जयघोष के साथ भक्ति में सराबोर नजर आए।वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।रथयात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी समुचित इंतजाम किए गए थे। रथ यात्रा कमेटी के विजय महतो ने बताया कि पिछले वर्ष भगवान जगन्नाथ नए रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगे। वहीं ग्राम विकास समिति के सदस्यों ने आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए खीर भोग का वितरण किया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान समिति के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा लालबाबू महतो, राहुल महतो, रंजीत मोदक, मुन्ना मंडल, सीमांत घटवारी, बाबू सरदार, दिलीप दे, सुबोध सिंह, भोलू महतो, कामदेव महतो, महावीर सिंह, मानसा महतो, रवि महतो, मधु गोराई,राहुल रजक का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रथयात्रा को लेकर पूरे कांड्रा क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।श्रद्धालुओं ने इसे आस्था, एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताते हुए आयोजन की सराहना की।