दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददातामिहिजाम

चित्तरंजन रेल नगरी और मिहिजाम के बीच आवागमन आसान बनाने की मांग फिर जोर पकड़ रही है। मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी ने चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के महाप्रबंधक को पत्र भेजा है। पत्र में आमबगान, कुर्मीपाड़ा और कानगोई पॉकेट गेट से वर्ष 2023 से बंद टोटो और बाइक के आवागमन पर लगी रोक हटाने की मांग की गई है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर इन मार्गों को आम लोगों के लिए खोलने का अनुरोध किया। जयश्री देवी ने लिखा कि सुरक्षा कारणों से वाहनों की आवाजाही बंद होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों लोग प्रभावित हैं। केवल पैदल आवाजाही की अनुमति से बुजुर्गों, गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को परेशानी हो रही है। मौसम की परवाह किए बिना लंबी दूरी पैदल चलनी पड़ती है। रोजगार, शिक्षा और इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग रोज चित्तरंजन आते-जाते हैं। टोटो-बाइक बंद होने से समय और पैसे दोनों का बोझ बढ़ा है। अध्यक्ष ने सुरक्षा के लिए व्यावहारिक सुझाव भी दिए। तीनों गेट पर हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे, हाई-मास्ट लाइट और आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव है। संवेदनशील स्थानों पर आरपीएफ या प्रशिक्षित गार्ड तैनात करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन उपायों से सुरक्षा से समझौता किए बिना सीमित परिचालन की अनुमति दी जा सकती है। इससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी। पत्र की प्रति जामताड़ा एसडीओ, मिहिजाम थाना, चित्तरंजन पुलिस और आरपीएफ को भी भेजी गई है।