रवि सिन्हा /डुमरी::-भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार ने गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी से भेंट कर जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी द्वारा प्रेषित मांग-पत्र सौंपते हुए आगामी 19 जून 2026 को पटना में आयोजित रेलवे की उच्च स्तरीय बैठक में डुमरी विधानसभा सहित गिरिडीह, बगोदर एवं मांडू विधानसभा क्षेत्र की जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित एवं स्वीकृत कराने का आग्रह किया।
सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि गिरिडीह जिला अंतर्गत डुमरी एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग प्रतिदिन रेल यात्रा के लिए पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर निर्भर हैं। क्षेत्र में रोजगार के सीमित अवसरों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को अन्य राज्यों में रोजगार हेतु जाना पड़ता है। ऐसे में बेहतर रेल सुविधाएं क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
मांग-पत्र के माध्यम से सांसद से निम्नलिखित मांगों को रेलवे की बैठक में प्रमुखता से उठाने का अनुरोध किया गया है—
1. धनबाद अथवा गोमो से पारसनाथ एवं कोडरमा होते हुए मुंबई के लिए नई रेल सेवा प्रारंभ की जाए अथवा रेल संख्या 18609/18610 लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन प्रतिदिन किया जाए।

2. गोमो–आसनसोल मेमू/पैसेंजर ट्रेन संख्या 03541 एवं 63543 का विस्तार पारसनाथ एवं हजारीबाग रोड होते हुए कोडरमा जंक्शन तक किया जाए।

3. निमियाघाट रेलवे स्टेशन एवं चेगरो हॉल्ट का उन्नयन कर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

4. रांगामाटी पंचायत अंतर्गत रेलवे पोल संख्या 316/24 के समीप ओवरब्रिज अथवा फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए।

5. जामतारा पंचायत के पिपराडीह नदी पुल के समीप रेलवे अंडरपास का निर्माण कराया जाए।

6. बालूटुंडा पंचायत अंतर्गत रेलवे पोल संख्या 313/10 के पास फुट ओवरब्रिज अथवा अंडरपास का निर्माण कराया जाए।

7. बलथरिया पंचायत एवं नगरी पंचायत के मध्य आवागमन की सुविधा हेतु बलथरिया हनुमान मंदिर के समीप अंडरपास अथवा ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए।

8. प्रस्तावित पारसनाथ–मधुबन–गिरिडीह रेल परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ एवं पूर्ण कराया जाए।

9. रांगामाटी स्थित 14 नंबर रेलवे गेट के समीप प्रस्तावित अंडरपास निर्माण कार्य को अविलंब प्रारंभ कर पूर्ण कराया जाए।
सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि ये सभी मांगें क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताएं हैं। इनके पूरा होने से आवागमन की सुविधा बढ़ेगी, रेल सुरक्षा सुदृढ़ होगी, रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी से जनहित में इन मांगों को रेलवे की उच्च स्तरीय बैठक में प्रमुखता से उठाने तथा शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की है।