रफ्तार मीडिया संवाददाता /पवन गुप्ता

​पिपरवार : सीसीएल पिपरवार क्षेत्र अंतर्गत सीएचपी कांटा पिपरवार स्थित सोलर पावर प्लांट में एक  मामला सामने आया है। एलएनबी अवध सिक्योरिटी के तहत सोलर पावर प्लांट में बतौर सुरक्षाकर्मी कार्यरत करण कुमार महतो ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
​दिए गए आवेदन के अनुसार, 19 मई 2026 की रात ड्यूटी के दौरान करण कुमार महतो को एक जहरीले सांप ने काट लिया था. मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ और मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रांची के राज अस्पताल रेफर कर दिया गया. राज अस्पताल में दो दिनों तक चले इलाज के दौरान कुल 28,729 रुपये का खर्च आया।पीड़ित सुरक्षाकर्मी का आरोप है कि कंपनी की ओर से इलाज के लिए केवल 10,000 रुपये ही दिए गए. जब उन्होंने बाकी बचे 18,729 रुपये का भुगतान करने की बात कही, तो ऑफिस से कहा गया कि बिल जमा करने के कुछ दिनों बाद पूरी राशि मिल जाएगी. आरोप है कि बिल जमा करने के 45 दिन बाद कंपनी मुकर गई और बकाया राशि देने से साफ इनकार कर दिया।कंपनी के इस रवैये से नाराज सुरक्षाकर्मियों ने 9 जुलाई 2026 को हड़ताल कर दी. आरोप है कि इसके अगले ही दिन करण कुमार महतो को कंपनी से यह कहकर निकाल दिया गया कि यह कार्रवाई पिपरवार महाप्रबंधक के आदेश पर की जा रही है।घटना से आहत सुरक्षाकर्मी ने पिपरवार महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर अपना बकाया 18,729 रुपये का इलाज खर्च दिलाने और पुनः सम्मान के साथ ड्यूटी पर वापस रखने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, तो प्लांट की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी और सभी सुरक्षाकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. इसकी पूरी जिम्मेदारी पिपरवार महाप्रबंधक की होगी. इस पत्र की प्रतिलिपि पिपरवार थाना प्रभारी और एलएनबी अवध सिक्योरिटी को भी भेजी गई है.