सहरसा।
कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को सदर थाना का औचक निरीक्षण किया। डीआईजी के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर सदर थाना में पदस्थापित एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) तथा दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एएसआई अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मोहम्मद अली खान एवं चौकीदार मनोज कुमार थाना परिसर में बिना वर्दी के सादे लिबास में घूमते मिले। डीआईजी ने जब उनसे ड्यूटी के समय बिना वर्दी रहने का कारण पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डीआईजी ने तीनों के निलंबन का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ड्यूटी के समय निर्धारित वर्दी में रहने तथा थाने में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
निरीक्षण के बाद डीआईजी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), यातायात डीएसपी एवं सदर थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, गंगजला चौक, प्रशांत मोड़, शिवपुरी ढाला, पूरब बाजार रेल ढाला, तिवारी चौक, यादव चौक, कोशी चौक और पंचवटी चौक सहित प्रमुख चौराहों पर यातायात सुचारु रखने की रणनीति पर चर्चा की गई।
डीआईजी ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए आम नागरिकों से भी बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।