मोतिहारी।ओम प्रकाश तिवारी 
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में पुलिस एवं अभियोजक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक, अपर लोक अभियोजक तथा अभियोजन पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिले में त्वरित एवं सामान्य विचारण के अंतर्गत लंबित हत्या, पोक्सो, दुष्कर्म (बलात्कार) तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। इन मामलों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं अभियोजन पक्ष के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने अनुसंधान की गुणवत्ता, समय पर साक्ष्य एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने, गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा न्यायालय में मजबूत पैरवी के माध्यम से गंभीर अपराधों में आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।