शिकारीपाड़ा /दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।


दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत सिमानीजोर ग्राम पंचायत सचिवालय में , 15 जुलाई 2026 को स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एन.आर.एल. की सीएसआर (CSR) योजना के अंतर्गत दीपज्योति झारखंड विकास केंद्र द्वारा "सुरक्षित जीवन" कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सिमानीजोर पंचायत की महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य सुरक्षा तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन पैड उपलब्ध कराना था। इस कैंप में सिमानीजोर पंचायत के विभिन्न गांवों से आईं सैकड़ों महिलाओं और किशोरियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए दीपज्योति झारखंड विकास केंद्र की सचिव श्रीमती चंचला सोनी ने मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और स्वच्छता पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को समझाया कि इस अवधि में खुद को स्वच्छ और सुरक्षित रखकर कई तरह के संक्रमणों और बीमारियों से कैसे बचा जा सकता है। महिलाओं को उनकी अपनी भाषा में इस गंभीर विषय को आसानी से समझाने के लिए शिकारीपाड़ा प्रखंड के पश्चिमी भाग के जिला परिषद सदस्य  प्रकाश हांसदा, स्थानीय मुखिया  और सहिया साथी पुष्पलता मुर्मू ने स्थानीय भाषा में संवाद किया और उन्हें जागरूक किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र की सहिया दीदियों ने अत्यंत सराहनीय भूमिका निभाई। इस अभियान में सहिया साथी पुष्पलता मुर्मू के साथ सहिया दीदी लक्ष्मी देवी, पूनम देवी, कृपावती देवी, पानमुनी मुर्मू, सरस्वती रानी, प्रोमिला हाॅसदा और इलिजेबी बास्की सहित सिमानीजोर की सभी सहिया दीदियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर अपना योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में दीपज्योति झारखंड विकास केंद्र की ओर से पंचायत की कुल 750 महिलाओं और किशोरियों के बीच सात-सात पैकेट उच्च गुणवत्ता वाले निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन पैड का वितरण किया गया ताकि वे अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपना सकें।