दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
खेलो इंडिया अभियान के तहत आयोजित अस्मिता वूमेन साइक्लिंग सिटी लीग जामताड़ा-2026 का आयोजन शनिवार को अंगूठिया मोड़, फतेहपुर-कुंडहित रोड पर उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 160 महिला एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय, सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रभा देवी, पूर्व प्रमुख किरण बेसरा, मुखिया विभीषण मरांडी, जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डी.डी. भंडारी, संत एंथोनी स्कूल के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यूथ गर्ल्स वर्ग में सुहागी बास्की, सब जूनियर वर्ग में पलक कुमारी, जूनियर वर्ग में नयनतारा मरांडी, सीनियर महिला वर्ग में नेहा टुडू तथा सुपर सीनियर एलिट ग्रुप में रबीना हेम्ब्रम ने प्रथम स्थान हासिल कर अपने वर्ग की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। अन्य विजेता खिलाड़ियों को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने युवतियों से खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। जामताड़ा जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सलिल कुमार ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मौके पर चुन्ना मंडल, सचिन पंडित, चंदन मंडल, अजय कपूर, महेश्वर मंडल, अर्जुन पंडित, उत्तम पंडित, सीताराम मंडल, शीतल रानी, पूजा मेहरिया, सपन राय, राहुल पंडित, करण राउत, स्वरूप दाँ, काकुली, सोनम, आशा हांसदा, बैजंती, चंपा, ज्योति, लक्ष्मी, देवयानी, विकास, अरुणा, सोनमुनी, शालू झा, मोहर्रम अंसारी, बबलू मंडल, उर्मिता एवं नित्यानंद पंडित सहित अन्य सहयोगियों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।