मोतिहारी। नगर निगम, मोतिहारी द्वारा बुधवार को वार्ड संख्या 27, 28, 29, 39 एवं 40 के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन सहयोग पोर्टल पर अपलोड कराए तथा उसकी रिसीविंग प्राप्त की। शिविर को लेकर आम नागरिकों में काफी उत्साह और संतोष देखने को मिला।
वार्ड संख्या 27, 28 एवं 29 के लिए रघुनाथपुर गंडक कॉलोनी परिसर स्थित हनुमान मंदिर तथा वार्ड संख्या 39 एवं 40 के लिए राजकीय मध्य विद्यालय, छोटा बरियारपुर में शिविर का संचालन किया गया। दोनों शिविर केंद्रों पर सैकड़ों नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन दर्ज कराए।
नगर आयुक्त आशीष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। इस बार मंगलवार को अवकाश होने के कारण शिविर का आयोजन बुधवार को किया गया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है तथा प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
शिविर के दौरान संबंधित वार्डों के पार्षद रेणु ठाकुर, जयलाल सहनी, मुकुल वर्मा, हरि सिंह एवं विजय चौधरी स्वयं उपस्थित रहे और नागरिकों को आवेदन ऑनलाइन अपलोड कराने में सहयोग किया।
नगर निगम कार्यालय की ओर से नगर प्रबंधक नागमणि सिंह, सहायक नगर योजना पर्यवेक्षक अमर प्रेम चौरसिया, स्वच्छता पदाधिकारी प्रशांत कुमार चौधरी, सरोज कुमार, कर दारोगा अरुण मिश्रा, सहायक प्रफुल चंद्र, भरत राम, भवेश कुमार वर्मा, विधि सहायक अवधेश कुमार ठाकुर, कर संग्राहक रवि रंजन कुमार, अनुप कुमार, राशेक कुमार सिन्हा, रोहन कुमार, कार्यपालक सहायक अनुपम कुमार तथा कंप्यूटर ऑपरेटर रवि रंजन, गौरव कुमार, दीपेंद्र कुमार, हिमांशु कुमार एवं अशोक कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई।
रघुनाथपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारी अंबिका प्रसाद यादव के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे शिविर का संचालन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से प्राप्त करें।