दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा शहर के दुमका रोड स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कार्यालय में बुधवार को जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एसआईआर अभियान से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई तथा मतदाता सूची को त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में झामुमो के जिला सचिव परेश यादव, कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल, वरिष्ठ नेता रविंद्रनाथ दुबे, जिला प्रवक्ता आनंद टुडू, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष सगीर खान, युवा नेता सादिक अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए नरेंद्र मुर्मू ने बूथ स्तर के अधिकारियों बीएलओ-1 एवं बीएलओ-2 को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि एसआईआर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, त्रुटि या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना चाहिए और पुनरीक्षण कार्य पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न होना चाहिए। बैठक के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। रविंद्रनाथ दुबे ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करना और उनका नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज कराना पार्टी की प्राथमिकता है। जिला सचिव परेश यादव ने संगठन स्तर पर बीएलओ के कार्यों की निगरानी और सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया को त्रुटिहीन बनाया जाएगा। जिला प्रवक्ता आनंद टुडू ने ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई, जबकि कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल ने प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी एवं व्यावहारिक सहयोग देने की बात कही। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सगीर खान ने कहा कि अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में कोई भी योग्य मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करेंगे, ताकि एसआईआर का कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके। मौके पर रविंदरनाथ दुबे, प्रदीप मंडल,बासुदेब मरांडी,रहीम अंसारी, युवा नेता सादिक अंसारी,सुधांशु शेखर,विजय राउत,ताहा अंसारी, तनवीर आलम,असीदुल अंसारी,अमन अंसारी,पांचू दास समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।