रफ्तार मीडिया संवाददाता/जामताड़ा
बच्चों के अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 13 जुलाई को जिला उपायुक्त के आदेशानुसार नाला प्रखंड कार्यालय के सभागार में एक दिवसीय बाल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ​इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य रूप से बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी और बाल दुर्व्यवहार जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं जैसे बाल अधिकार, प्रायोजन योजना, फोस्टर केयर और एचआईवी/एड्स नियंत्रण के प्रति समाज को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। ​कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई (जामताड़ा) के संरक्षण पदाधिकारी, यूनिसेफ के समन्वयक और प्रखंड विकास पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थीं। अधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का शोषण रोकने के लिए प्रशासनिक मुस्तैदी के साथ-साथ जन-भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ​इस अवसर पर प्रखंड उप प्रमुख, चाइल्ड हेल्पलाइन के परामर्शदाता, प्रखंड सहयोगी, प्रखंड समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिका सहित कई गणमान्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने बाल अधिकारों की रक्षा का दृढ़ संकल्प लिया।