मोतिहारी।
आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक चेक बाउंस (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881) मामलों के निस्तारण को लेकर मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर, मोतिहारी से चार प्रचार रथ एवं स्थायी लोक अदालत के लिए एक जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पूर्वी चंपारण श्री अभिषेक कुमार दास ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को विशेष लोक अदालत के महत्व, चेक बाउंस मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण तथा न्यायालय के बाहर आपसी समझौते के माध्यम से समय, धन और श्रम की बचत के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र प्रसाद, राजविजय सिंह, रमेश रंजन सिंह, अभिषेक आनंद एवं विद्या प्रसाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव नितिन त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी, एसीजेएम श्रीमती श्वेता सिंह, एसीजेएम प्रसेनजीत सिंह सहित अनेक न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव नितिन त्रिपाठी ने कहा कि विशेष लोक अदालत न्याय प्राप्त करने का एक सरल, त्वरित एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि चेक बाउंस से संबंधित मामलों में यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौता करते हैं तो विवाद का शीघ्र समाधान हो जाता है और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक वादकारी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं, जिसके लिए पूरे जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने चेक बाउंस से जुड़े सभी वादकारियों से अपील की है कि वे 18 जुलाई 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी समझौते के आधार पर अपने मामलों का निस्तारण कराएं तथा समय, धन और ऊर्जा की बचत करते हुए न्यायालयीन विवादों का स्थायी समाधान प्राप्त करें।