दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, जिला पश्चिम बर्धवान ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी अस्पताल में सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में अस्पताल के प्रतिष्ठित चिकित्सकों डॉ. अनुराग कुमार, डॉ. जाना, डॉ. असीम नसकर और एसोसिएशन के सदस्य डॉ. समर सरकार समेत अन्य डॉक्टरों को पुष्पगुच्छ भेंट कर व मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक हैं। दिन-रात मानव जीवन की रक्षा के लिए समर्पित डॉक्टर केवल इलाज ही नहीं करते, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण पेश करते हैं। कोरोना काल से लेकर हर आपात स्थिति में डॉक्टरों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा की है। उनका योगदान अतुलनीय है। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार जताया। संगठन ने कहा कि डॉक्टरों का समर्पण समाज को नई दिशा देता है। एसोसिएशन ने चिकित्सकों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सफल जीवन की कामना की। इस मौके पर अस्पताल के स्टाफ और संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए डॉक्टरों के योगदान को समाज की असली ताकत कहा गया।