दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
नगर पंचायत क्षेत्र के राजबाड़ी मोहल्ले में बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निर्माणाधीन मकान के सरकारी जमीन पर बने अवैध छज्जे को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल की तैनाती रही और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।जानकारी के अनुसार राजबाड़ी मोहल्ला निवासी विश्वनाथ मंडल अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। इस दौरान उन्होंने कथित रूप से सरकारी जमीन पर छज्जा निकालकर निर्माण कर लिया था। इसकी शिकायत नगर पंचायत को मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कर मकान मालिक को कई बार नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके नोटिस का अनुपालन नहीं किए जाने पर नगर पंचायत ने बुधवार को कार्रवाई की। नगर पंचायत की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध छज्जे को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत, अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू, जामताड़ा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो सहित नगर पंचायत के कर्मी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत ने बताया कि विश्वनाथ मंडल द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से छज्जा बनाकर अतिक्रमण किया गया था। नगर पंचायत की ओर से उन्हें कई बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन को नियमानुसार बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाना पड़ा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।