दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
मुहर्रम के पावन मौके पर क्षेत्र में धार्मिक आस्था, पारंपरिक युद्धकला और सामाजिक सौहार्द का अनोखा संगम देखने को मिला। ताजिया जुलूस और अखाड़ों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में अखाड़ों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा रही। मुहर्रम के समापन पर थाना परिसर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने विजेताओं को पुरस्कार देकर हौसला बढ़ाया। निर्णायक मंडल ने अनुशासन, खेल-कौशल और प्रस्तुति के आधार पर विजेता चुने। प्रतियोगिता में पोखातल्ला अखाड़ा ने प्रथम, हाई स्कूल कमेटी ने द्वितीय और हिल रोड कमेटी ने तृतीय स्थान पाया। मस्जिद रोड कमेटी और बाजारपाड़ा कमेटी को सांत्वना पुरस्कार मिला। थाना प्रभारी ने कहा कि पर्व की सफलता अनुशासन और भाईचारे से तय होती है। उन्होंने विजेताओं को बधाई दी और अन्य टीमों को अगले साल बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया और डिजिटल माध्यमों पर निगरानी रखी। पुलिस और जनता के सहयोग से आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सक्रिय भूमिका की सराहना की।