दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह भाजपा नेत्री बबीता झा ने बुधवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर एवं पबिया मंडल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की तथा बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में बबीता झा ने कहा कि निर्वाचन आयोग का एसआईआर अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ का हरसंभव सहयोग करें और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरवाने में मदद करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम सही तरीके से दर्ज होना लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक है। यदि सभी पात्र मतदाता समय पर अपना प्रपत्र भरेंगे, तो आगामी चुनाव में बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की भी अपील की। मौके पर पर नारायणपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव हासदा, पबिया मंडल अध्यक्ष द्वारिका सिंह, जामताड़ा जिला एसआईआर संयोजक सुरेश राय, रवि महतो सहित स्थानीय बीएलओ एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।