रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट (गुमला)। पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया पंचायत अंतर्गत ठिबु टोली गांव में शुक्रवार सुबह हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। अज्ञात हमलावरों ने 60 वर्षीय जाटी देवी की गला रेतकर हत्या कर दी, जबकि उनके पति बुधा खड़िया पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे जाटी देवी और उनके पति बुधा खड़िया घर में अकेले थे। इसी दौरान हमलावर घर के अंदर घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर वारदात को अंजाम दिया।अपराधियों ने जाटी देवी की गला रेतकर हत्या कर दी तथा बुधा खड़िया को घायल कर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल बुधा खड़िया को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भिजवाया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने पड़ोसी अनिल खड़िया के घर से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया है। मामले में पूछताछ के लिए अनिल खड़िया की पत्नी बेला देवी को थाना लाया गया है। वहीं हथियार छिपाने के आरोप में गांव के समीर कुल्लू को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा बहुरा खड़िया को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।ग्रामीणों के अनुसार बहुरा खड़िया का साला शत्रु खड़िया रथ यात्रा मेला देखने पालकोट आया था और अपने बहनोई के घर ठिबु टोली में रुका था। बताया जा रहा है कि बहुरा खड़िया की पत्नी और बच्चे बीमार थे, जिसे लेकर शत्रु खड़िया को डायन-बिसाही का संदेह था।इसी शक के आधार पर शत्रु खड़िया शुक्रवार सुबह बुधा खड़िया के घर पहुंचा और दंपति को अकेला पाकर हमला कर दिया। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि घायल बुधा खड़िया फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके स्वस्थ होने के बाद बयान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस डायन-बिसाही और जमीन विवाद दोनों बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।