दीनबंधु राउत  / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने श्रीकृष्ण गौशाला, जामताड़ा का निरीक्षण किया।इस दौरान जिला पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं गौशाला प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से गौशाला में रखे गए गोवंशीय पशुओं की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार तथा पशु चिकित्सकों की टीम ने गौशाला में मौजूद गोवंशीय पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य जांच के बाद सभी पशु स्वस्थ पाए गए। अधिकारियों ने पशुओं के रख-रखाव, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अवलोकन किया।अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने गौशाला प्रबंधन से पशुओं की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गोवंशीय पशुओं को समय पर पौष्टिक चारा, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनके स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि गौशाला में पशुओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जाए तथा साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रशासन समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करता रहेगा। इस अवसर पर श्रीकृष्ण गौशाला के सचिव मिंटू अग्रवाल ने गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं और पशुओं की देखभाल से संबंधित जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि गौशाला में पशुओं के खान-पान और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाती है। निरीक्षण के दौरान गौशाला प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।प्रशासन की इस पहल को पशु संरक्षण और गौसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।