राजु मंडल /रफ्तार मीडिया /गांडेय
गिरिडीह/महेशमुंडा जंक्शन पर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन से उतरने के क्रम में पैर फिसलने से गांडेय निवासी एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांडेय निवासी मनोज राम के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज राम शाम को महेशमुंडा जंक्शन पर ट्रेन से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल मनोज राम को बाहर निकाला।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत महेशमुंडा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, गिरिडीह सदर अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनोज राम की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद से ही गांडेय इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।