शिव कुमार/सहरसा।जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से किसान रजिस्ट्रेशन एवं फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2 जून, 9 जून एवं 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों में सहयोग शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आवेदन प्राप्ति कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर आयोजन से पूर्व अधिकतम 30 दिनों के भीतर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान 30 जून तक पंचायत स्तर पर चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री विशेष शिविरों में आवेदन प्राप्ति की प्रखंडवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इस महत्वपूर्ण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा में यह सामने आया कि फॉर्मर आईडी निर्माण के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 207 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक कर्मी प्रतिदिन न्यूनतम 10 रैयतधारी किसानों का फॉर्मर आईडी बनाना सुनिश्चित करें। प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को इसका अक्षरशः पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से भी फॉर्मर आईडी बनवाने में रुचि लेने की अपील की। बताया गया कि भविष्य में बिना फॉर्मर आईडी के किसानों को उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया जाएगा तथा पैक्स के माध्यम से खरीद-बिक्री भी फॉर्मर आईडी के आधार पर ही की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।