विभूति सिंह/भागलपुर। बीते दिनों लोदीपुर थाना क्षेत्र स्थित बाइपास मुख्य सड़क किनारे सातन पोखर के समीप मजिस्ट्रेट,थाना पुलिस एवं जिला नियंत्रण बल की मौजूदगी में बुलडोजर कारवाई की गई।बाइपास किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया साथ ही पास बने अतिक्रमित पक्के मकान को भी तोड़ दिया गया। बजरंगबली मंदिर पर बुलडोजर कारवाई के पूर्व पंडित जी से पूजा अर्चना करवा कर विधिवत विसर्जन करवाया गया और मारूति को ट्रैक्टर पर लाद कर बरारी गंगा घाट की ओर भेज दिया गया। जिनके घर पर बुलडोजर चला उक्त घर की महिलाओं ने काफी विरोध किया, महिलाओं ने महिला पुलिसकर्मी से नोंक-झोंक भी किया। तदनोपरांत पुलिस ने विरोध कर रही महिलाओं को उठाकर थाने ले गई। बुलडोजर कारवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही वहीं स्थानीय लोगों की भी काफी भीड़ जमा हो गई। लगभग ४ घंटे तक बुलडोजर कारवाई के दौरान अतिक्रमण पूरी तरह से हटा दिया गया। अंचलाधिकारी गोराडीह ने बताया कि बाइपास सड़क की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर घर बनाया गया था, पीछे वाली जमीन मालिक ने एनएचआई को आवेदन दिया था। वहीं लोदीपुर थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस को व्यवधान का सामना करना पड़ा, व्यवधान उत्पन्न कर रही ३ महिलाओं को थाना लाया गया था जिसे बाद में छोड़ दिया गया है।