दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

मिहिजाम नगर परिषद के अंतर्गत वार्ड संख्या 17 अंबेडकर नगर में स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के परिसर में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। इस संबंध में स्थानीय निवासी कृष्णा राम ने सोमवार, 15 जून को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा है। आवेदन में कहा गया है कि इस मोहल्ले में कई वर्षों से अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है, लेकिन आज तक परिसर में पेयजल या सप्लाई पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इस लापरवाही के कारण राष्ट्रीय और सामाजिक पर्वों जैसे 15 अगस्त, 26 जनवरी और 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा इस परिसर की साफ-सफाई पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता। कार्यक्रमों से पहले नागरिकों को खुद ही भारी परेशानियों का सामना करते हुए परिसर की सफाई करनी पड़ती है। नागरिकों ने कार्यपालक पदाधिकारी से अविलंब संज्ञान लेते हुए प्रतिमा परिसर में सप्लाई पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले आयोजनों में लोगों को असुविधा न हो।