दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव खिलमिनी के पास मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश के साथ ही पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नवाबगंज के क्राइम प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर फर्रुखाबाद मार्ग से गुजर रहे चार ट्रैक्टरों को रोककर उनके चालकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने ट्रैक्टरों के दस्तावेजों की भी जांच की और बाद में चारों ट्रैक्टरों को नवाबगंज थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
बुधवार को भी ट्रैक्टर चालकों से पूछताछ जारी रही। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना में किसी ट्रैक्टर की भूमिका थी या नहीं। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर उस अज्ञात वाहन की भी तलाश की जा रही है, जिसने बाइक सवार को टक्कर मारी थी।
मोहम्मदाबाद के क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों तथा जिम्मेदार वाहन की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस का कहना है कि दोषी वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।