रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह के प्रांगण में लगाई गई रक्षा उपकरणों की भव्य प्रदर्शनी के दूसरे दिन आज माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश के साथ सिविल कोर्ट मोतिहारी के माननीय न्यायाधीश गण, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कल संपन्न हुआ था।
आज बड़ी संख्या में पूर्वी चंपारण जिले के लोगों ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं डीआरडीओ के वैज्ञानिकों से विविध जानकारी प्राप्त की।
इसी क्रम में सिविल कोर्ट मोतिहारी के माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, न्यायाधीश फैमिली कोर्ट एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार पूर्वी चंपारण मोतिहारी के साथ जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक पूर्वी चंपारण मोतिहारी ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया एवं डीआरडीओ के वैज्ञानिकों से एक-एक उपकरण की जानकारी ली।
इस अवसर पर माननीय न्यायाधीश गण ने प्रदर्शनी की सराहना की एवं कहा कि यह प्रदर्शनी आम जनता, विशेषकर युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है। यह प्रदर्शनी निश्चित रूप से युवा पीढ़ी को डीआरडीओ में कैरियर बनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करेगी। प्रदर्शित उपकरण एवं प्रौद्योगिकी देश की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को दर्शाती हैं जिस पर हम सभी को गर्व है।
आज प्रदर्शनी का बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षाविद और आम जनता ने अवलोकन किया। छात्रों ने डीआरडीओ के वैज्ञानिकों से मिलकर अपनी जिज्ञासा के अनुसार तकनीकी जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में आए लोगों ने डीआरडीओ के इस आयोजन को देखकर आश्चर्य प्रकट करते हुए भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे ज्ञानपरक बताया। यह प्रदर्शनी 18 अप्रैल तक चलेगी।