सौरभ राय/रफ्तार मीडिया

रांची: नीट पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुई झारखंड की छात्रा नूतन टोप्पो से बुधवार को पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने रांची स्थित ग्लोबल अस्पताल में मुलाकात की। बता दें,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर अस्पताल पहुंचे मंत्री ने नूतन टोप्पो का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मौके पर राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डे सिंह और तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा भी उपस्थित रहे।

झारखंड सरकार आदिवासी बेटी नूतन के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है- योगेंद्र प्रसाद

मौके पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने उपचार कर रहे चिकित्सकों से नूतन की चिकित्सीय स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि नूतन के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आवश्यक सभी चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।इस दौरान उन्होंने नूतन टोप्पो के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि झारखंड की बेटी अकेली नहीं है राज्य सरकार हर परिस्थिति में उसके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरा विश्वास है कि नूतन जल्द स्वस्थ होकर नए उत्साह, आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।