दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ

फर्रुखाबाद। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित 'मिशन शक्ति अभियान 5.0' के तहत पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में थाना नवाबगंज की महिला पुलिस टीम ने कस्बे में जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान महिला आरक्षी कीर्ति ने महिलाओं एवं युवतियों को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन बैंकिंग तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बढ़ते साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

महिला पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और युवतियों से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अन्याय अथवा अपराध के खिलाफ बेझिझक आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें। महिला पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हर समय तत्पर है।