दीनबंधु राउत /रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा जामताड़ा

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, जामताड़ा कार्यालय (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जेबीसी प्लस टू स्कूल, जामताड़ा में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम तथा कपालभाति सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान योग के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एबिमाइल टुडू ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन का वातावरण अनुशासित, उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक रहा। मौके पर मेरा युवा भारत जामताड़ा के उपनिदेशक उत्तर विश्वास, उदय कुमार, अंजली मिंज, मिथुन महतो तथा विद्यालय के शिक्षक डॉ. हृदयानंद कुमार, उमेश कुमार मिश्रा, विजयानंद तिवारी, सुब्रतो मुखर्जी, कपिल देव ठाकुर, दीपा सिन्हा, अमिता डांग, फूलमनी समद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।