दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद। दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शिविर के चतुर्थ सत्र में पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी ने देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत अर्थव्यवस्था और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, जिससे देश की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भारत की बढ़ती ताकत और वैश्विक प्रभाव से कुछ देश विरोधी और अस्थिरता फैलाने वाली शक्तियां परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं और ऐसी ताकतों को सहयोग देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाली अराजक शक्तियों को भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब देंगे।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भाजपा की बढ़ती ताकत ने सांप्रदायिक राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक, सामरिक और रक्षा क्षेत्र में लगातार मजबूत बन रहा है और आने वाले समय में विश्व नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
त्र्यंबक त्रिपाठी ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और अनुशासन पैदा करने का माध्यम होते हैं। ऐसे शिविरों से प्रशिक्षित होकर कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ समाज में सकारात्मक विचारधारा पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की है, जबकि विपक्ष समाज को बांटकर सत्ता प्राप्त करने की राजनीति करता है।
शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।