काजल मित्रा/ कुल्टी: भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और अपने पिछले कार्यकाल का श्वेत पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधायक निधि एवं विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के CSR फंड के माध्यम से क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए हैं। डॉ. पोद्दार ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के बाहरी प्रत्याशी क्षेत्र में हिंसक राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं और माननीय प्रधानमंत्री की जनसभा हेतु जा रही बसों को रोके जाने की घटना में भी ऐसे तत्वों की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान टीएमसी प्रत्याशी, जो निगम में डिप्टी मेयर हैं, यदि अपने पद पर रहते हुए विकास कार्य नहीं करा सके, तो जनता को उनसे भविष्य में भी कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। इस अवसर पर डॉ. पोद्दार ने अपने पिछले कार्यकाल के कुछ प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख किया, जिनमें 100 वर्ष पुराने सिद्धेश्वरी मंदिर में नाली निर्माण तथा सीतारामपुर छठ घाट के लिए लाखों रुपए के कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को स्वीकृति मिलने के बावजूद पूरा नहीं होने दिया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित भाजपा नेताओं एवं पार्षदों- ललन मेहरा, इंद्राणी आचार्य, सुब्रतो मिश्रा, बुबा चौधरी, श्री राम सिंह एवं पूर्व पार्षद अजीत बावरी ने भी डॉ. पोद्दार के समर्थन में अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि कुल्टी की जनता बाहरी प्रत्याशी को स्वीकार नहीं करेगी और स्थानीय नेतृत्व को ही प्राथमिकता देगी।