मोतिहारी। खरीफ मौसम में किसानों को उर्वरक की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को थोक एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि प्रत्येक किसान को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी भी स्तर पर अधिक कीमत वसूलने, जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा अन्य अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि जिला कृषि कार्यालय द्वारा जिले में उर्वरकों का समानुपातिक आवंटन कर दिया गया है तथा जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में किसानों को घबराने या अनावश्यक भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से दुकानों की जांच कर स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, निर्धारित मूल्य एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें। यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है, उर्वरक देने से इनकार करता है या कालाबाजारी करता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिले में उपलब्ध उर्वरकों का स्टॉक निम्नवत है