संवाददाता दीपचंद्र दीक्षित
अमृतपुर,फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर क्षेत्र के कस्बा गूजरपुर पमारान में बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक टूटकर लोगों और दुकानों के बीच आ गिरा। हादसे के वक्त बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी और लोग खरीदारी में जुटे थे। पेड़ गिरते ही चीख-पुकार मच गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में कुम्हरौर निवासी रामप्रकाश पुत्र द्वारिका प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हुसैनपुर निवासी शिवानी पुत्री उपेंद्र कश्यप, जो बाजार में खरीदारी करने आई थीं, पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गईं। दोनों को मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा।
पेड़ गिरने से कई दुकानदारों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। खजुरिया निवासी फिरोज मोहम्मद पुत्र इकबाल की चूड़ियों की दुकान पूरी तरह बिखर गई। राजेपुर निवासी बलराम पुत्र गुलाब की कॉस्मेटिक की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई और उनकी साइकिल भी पेड़ के नीचे दब गई। वहीं राजेपुर निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह की कॉस्मेटिक की दुकान और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और पेड़ के नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी, चौकी प्रभारी राहुल चौधरी तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी और पेड़ हटवाकर बाजार की व्यवस्था सामान्य कराई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र और आसपास मौजूद पुराने व जर्जर पेड़ों का सर्वे कर समय रहते उनकी छंटाई या हटाने की कार्रवाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।