सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो के निर्देश पर नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत सरायकेला नगर के बूथ संख्या-351 सहित अन्य मतदान केंद्रों का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर उन्हें SIR प्रक्रिया की जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर सत्यापन कराने की अपील की।
भ्रमण के दौरान मनोज कुमार चौधरी ने बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) एवं संबंधित कर्मियों से भी मुलाकात की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अभियान की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा सत्यापन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे।जानकारी के अनुसार बूथ संख्या-351 में कुल 813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक लगभग 300 मतदाताओं का SIR सत्यापन कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष मतदाताओं का सत्यापन तेजी से जारी है।इस अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समय पर अपना सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही झामुमो कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उन्हें आवश्यक सहयोग देने और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।