सरायकेला: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शनिवार को अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस एमआरआई मशीन का उद्घाटन सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से कोल्हान क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान भविष्य में भी चिकित्सा क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा आसपास के जिलों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करेगा।अस्पताल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि मरीजों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अगले 15 दिनों के भीतर अस्पताल में कैथ लैब की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। इसके शुरू होने के बाद हृदय रोगियों को एंजियोग्राफी समेत कई महत्वपूर्ण जांच एवं उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से एमआरआई जांच पर 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को 50 प्रतिशत तक विशेष रियायत का लाभ प्रदान किया जाएगा।समारोह में चेयरमैन मदन मोहन सिंह, प्रबंध निदेशक विभा सिंह, प्राचार्य डॉ. के.एम. सिंह, डॉ. एम.के. सिन्हा, मृत्युंजय झा, के.के. सिंह सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।