Ranchi Rath Yatra 2026: रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद नीलाद्रि प्रशासनिक भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रथ यात्रा मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यह आयोजन रांची की सांस्कृतिक पहचान है, इसलिए सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 घंटे एंबुलेंस, मेडिकल टीम और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रहेगी। अग्निशमन विभाग को भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां हर समय तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग को पूरे मेला क्षेत्र की वायरिंग की जांच कर खुले तार हटाने और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र और रथ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा, जबकि मीडिया कवरेज के लिए वॉच टावर स्थापित करने का सुझाव दिया गया है।
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर 16 जुलाई से शुरू होने वाले रथ यात्रा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
वहीं झारखंड हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार को रथ यात्रा मेले के दौरान पुख्ता सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अदालत ने मंदिर प्रबंधन से संबंधित मामले की अगली सुनवाई 22 जुलाई तय की है।