logo

आम आदमी पार्टी द्वारा मोहाली में प्रताप सिंह बाजवा के बयान के विरोध में प्रदर्शन; बिना शर्त माफी की मांग

 

एसएएस नगर, रविन्द्र कुमार:पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध तथा बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोहाली स्थित पूर्व कांग्रेसी कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के निवास के सामने रोष प्रदर्शन किया ।
   धरने को संबोधित करते हुए जिला योजना समिति की चेयरपर्सन एवं आम आदमी पार्टी की जिला प्रधान प्रभजोत कौर ने कहा कि बाजवा द्वारा की गई टिप्पणी से एक खास वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंची है और इन शब्दों से कांग्रेस का दलित विरोधी चेहरा उजागर हुआ है । उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक या पेशेवर वर्ग के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है ।
    उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पार्टी की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया गया है और बाजवा से तुरंत सार्वजनिक माफी की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजों के साथ प्रतीकात्मक रूप से अपना रोष व्यक्त किया । प्रभजोत कौर ने कहा कि जब तक बाजवा अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते या स्पष्टीकरण नहीं देते, तब तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी ।
       उन्होंने कहा कि संविधान के निर्माता बी.आर. अंबेडकर ने देश को समानता और न्याय का संदेश दिया है और संविधान में हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए गए हैं । समाज के हर वर्ग का सम्मान करना हर राजनीतिक नेता की जिम्मेदारी है । प्रदर्शन के दौरान पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे ।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS