सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: झारखंड लोक सेवा चयन आयोग यानी कि जेपीएससी का विवादों से रिश्ता बेहद पुराना है चाहे कोई भी सरकार रहे जेपीएससी अपने साथ विवाद को जोड़ ही लेती हैं। एक बार फिर जेपीएससी चर्चा चर्चा में आ चुका है इस बार 14वीं पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जेपीएससी को कटघरे में खड़ा कर दिया गया है। इस बीच बुधवार को प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य के सभी 14वीं जेपीएससी परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन करते हुए जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया।
*जेपीएससी पर युवाओं की कमाई को लूटने और रोजगार को व्यापार बनाने का लगाया आरोप*
जेपीएससी कार्यालय घेराव में राज्य के विभिन्न हिस्सों से भाजयुमो कार्यकर्ता पहुंचे थे इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने राज्य सरकार और जेपीएससी पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार ने जेपीएससी जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता को दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा इस सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के बजाय युवाओं से आवेदन शुल्क वसूलकर उनकी मेहनत की कमाई लूटने और रोजगार को व्यापार बनाने का काम किया है।
*सीआईडी जांच और जेपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे पर उठाया सवाल*
जेपीएससी विवाद के बीच सीआईडी और पुलिस द्वारा कार्रवाई किया जा रहा है पिछले दिनों जेपीएससी के अध्यक्ष ने भी अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शशांक राज बताते हैं कि भाजयुमो के मशाल जुलूस और राज्यव्यापी जनाक्रोश के दबाव में जेपीएससी चेयरमैन से आनन फानन में इस्तीफा लिया गया, जो स्वयं इस पूरे प्रकरण को संदेह के घेरे में खड़ा करता है। यदि सब कुछ पारदर्शी था तो चेयरमैन को हटाने की नौबत क्यों आई? यह पूरे भर्ती घोटाले की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने ने राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही सीआईडी जांच और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जांच एजेंसियां राज्य सरकार के अधीन हैं तो निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है। भाजयुमो की स्पष्ट मांग है कि पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
*जेपीएससी कार्यालय के मुख्य गेट पर पोस्टर लगाकर जताया विरोध*
हजारों के संख्या में निकले भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बैरिकेटिंग तोड़ जेपीएससी कार्यालय के समीप पहुंचकर जमकर नारेबाजी किया। इस दौरान भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज द्वारा खुद जेपीएससी कार्यालय के मुख्य गेट पर चढ़कर जेपीएससी का क्या रेट है नामक पोस्टर लगाया गया।
*भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा बर्बरता का आरोप*
वहीं,भाजयुमो रांची महानगर जिलाध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि अब राज्य सरकार युवाओं की आवाज को लाठी, डंडे और पुलिस बल के सहारे दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन भारतीय जनता युवा मोर्चा डरने या झुकने वाला नहीं है। युवाओं के अधिकारों की इस लड़ाई को अंतिम मुकाम तक पहुंचाया जाएगा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
*जेपीएससी विवाद में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की दी गई चेतावनी*
भाजयुमो के द्वारा चेतावनी देते हुए कहा गया कि जब तक 14वीं जेपीएससी परिणाम रद्द कर निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती और युवाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक भारतीय जनता युवा मोर्चा का आंदोलन और भी व्यापक एवं उग्र रूप में जारी रहेगा। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश प्रभारी विनय जायसवाल ,मनीष दुबे, विश्वजीत पाठक, संजय महतो, रणधीर दास, प्रिंस कुमार, राहुल चौबे, धीरज अग्रवाल, श्वेता सिंह, चंदन प्रजापति, सभी जिलाध्यक्षगण, प्रदेश पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।