दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता
नवाबगंज, फर्रुखाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज में सोमवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सुबह करीब आठ बजे बिना पूर्व सूचना के पहुंचे सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया, जिसमें कई खामियां उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कंप्यूटर ऑपरेटर सुशील कुमार मोटरसाइकिल लेकर अंदर जाते दिखाई दिए। नियमों की अनदेखी पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने अधीक्षक कक्ष पहुंचकर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
जांच के दौरान अस्पताल में संचालित जन औषधि केंद्र बंद मिला। केंद्र पर ताला लटका होने से मरीजों को मिलने वाली सस्ती दवाओं की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए। वहीं जन औषधि केंद्र की गैलरी में एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिस पर सीएमओ ने कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. गौरव राजपूत से जवाब तलब किया।
सीएमओ को निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मरहम-पट्टी कक्ष भी बंद मिला। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल के शौचालयों, वार्डों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मचारियों को स्वच्छता और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।