ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार "हर घर तिरंगा अभियान-2026" को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जीविका के नोडल पदाधिकारियों तथा स्काउट एवं गाइड के जिला आयुक्त ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रगीत "वंदे मातरम" के 150 वर्ष की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को सशक्त बनाना तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के तहत वंदे मातरम आधारित प्रदर्शनी, तिरंगा यात्रा, सेल्फी विद तिरंगा, प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम का सामूहिक गायन तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को जिला स्तर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके सफल आयोजन के लिए उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार एवं नगर आयुक्त आशीष कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

उन्होंने 15 अगस्त को महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में "हर घर तिरंगा" थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। साथ ही अभियान के सभी कार्यक्रमों के आयोजन एवं समय निर्धारण के लिए एक समिति गठित करने का भी निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर को "वंदे मातरम" थीम आधारित आकर्षक लाइटिंग से सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान में कला एवं संस्कृति विभाग, शिक्षा विभाग, जीविका, पंचायती राज विभाग, सहकारिता विभाग, एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत, खेल क्लब, युवा संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, नागरिक समाज, व्यापारिक संघ एवं उद्योग संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में नगर आयुक्त आशीष कुमार, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शैलेन्द्र कुमार भारती, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह, सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।