संवाददाता रोहित कुमार/बिजनौर

भारतीय किसान यूनियन भानू बिजनौर की नवनियुक्त महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा देशवाल का मंडावली धर्मशाला में माताओं एवं बहनों द्वारा फूलमालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर अनुराधा देशवाल ने उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगी तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा किसान, महिला और समाज के हितों की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।

कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन भानू के जिला अध्यक्ष अचल शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष विकुल चौधरी, जिला संगठन मंत्री अहसान मंसूरी, जिला महासचिव सरफराज मंसूरी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में माताएं, बहनें एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अचल शर्मा ने कहा, "नारी शक्ति किसी भी समाज और संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। भारतीय किसान यूनियन भानू महिलाओं को नेतृत्व, सम्मान और समान भागीदारी देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जब महिलाएं संगठित और सशक्त होंगी, तभी किसान, परिवार और राष्ट्र सशक्त होगा। हमारा संगठन गांव-गांव तक महिलाओं को जोड़कर उनके अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।"