ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी। महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर 17 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मोतिहारी शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च कचहरी चौक से मीना बाजार, ज्ञान बाबू चौक, धर्म समाज चौक, भवानीपुर जिरात होते हुए छतौनी तथा पुनः मीना बाजार से बलुआ चौक तक निकाला गया। इस दौरान डीएम एवं एसपी ने आम लोगों से संवाद कर आवश्यक फीडबैक लिया और महावीरी झंडा जुलूस को शांति, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराने की अपील की।

जिला प्रशासन ने जुलूस को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा सहित अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

डीएम एवं एसपी ने लोगों से अपील की कि महावीरी झंडा जुलूस को पूर्ण शांति, भाईचारे और पारस्परिक सद्भाव के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने की भी अपील की गई।

फ्लैग मार्च में सहायक समाहर्ता श्री राजकृष्ण झा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, टाउन थाना एवं छतौनी थाना के थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।