चिरैया | ओम प्रकाश तिवारी
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा योजना के तहत रविवार को राज्यभर में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का वर्चुअल लोकार्पण एवं नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में पूर्वी चम्पारण के चिरैया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बखरी स्थित श्री श्याम सुंदर पाठक +2 उच्च विद्यालय में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का विधिवत शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा ही विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि मॉडल विद्यालयों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों के ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर निजी विद्यालयों के समकक्ष शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मॉडल विद्यालय की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।