दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ

 

फर्रुखाबाद/नवाबगंज। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव ककियोली में सोमवार को एक युवक द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

मृतक की पहचान आशीष (30 वर्ष) पुत्र श्रीचंद निवासी ग्राम ककियोली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आशीष ने अपने घर के कमरे की छत में लगे पंखे के कुंडे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो  लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मृतक के भाई रामाधार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बबना चौकी प्रभारी अभिलख सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पुलिस ने  ग्राम प्रधान व ग्रामीणों  की मदद से  फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया  पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार आशीष शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी भी कुछ दिन पहले उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। प्रारंभिक तौर पर इसी तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।