रफ्तार मीडिया सुमन सिन्हा| हजारीबाग
हजारीबाग जिले के ऐतिहासिक सिलवार श्री जगन्नाथ धाम में गुरुवार को रथ यात्रा महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और "जय जगन्नाथ" के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार अपनी धर्मपत्नी के साथ मंदिर पहुंचे और वैदिक रीति-विधान से भगवान श्री जगन्नाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने जिले में सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सौहार्द और नागरिकों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के बाद पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से सुरक्षा इंतजाम की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह एवं सीसीआर डीएसपी को निर्देश दिया कि रथ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए। मुख्य मार्गों, मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजनों का शांतिपूर्ण संचालन प्रशासन और आमजन के सहयोग से ही संभव है।
मंदिर प्रबंधन समिति ने रथ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा प्रबंधों और पुलिस अधीक्षक की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर व्यवस्था के कारण श्रद्धालु निर्भय होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर रहे हैं। पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।