रिपोर्टर रोहित कुमार/बिजनौर
बिजनौर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने नगर पालिका परिषद बिजनौर क्षेत्रान्तर्गत आवास विकास, बुखारा कॉलोनी एवं वार्ड संख्या-12 शिवाजी नगर—का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता (सिविल) यशवंत कुमार, अवर अभियंता (जल)गौरव शर्मा तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक गोविन्द चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति नहीं पाई गई। 
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था एवं साफ-सफाई की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
शिवाजी नगर वार्ड संख्या-12 के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु में संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बुखारा स्थित सरकारी कॉलोनी में सड़क किनारे स्थापित ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन की सुरक्षा बनी रहे।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में जल निकासी, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।