ओम प्रकाश तिवारी
मोतिहारी। लगातार 3-4 दिनों से हो रही बारिश के कारण नेपाल सीमा से सटे तिलावे नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मंगलवार (14 जुलाई 2026) को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अनुमंडल पदाधिकारी, रक्सौल के साथ नेपाल के अधिग्रहण क्षेत्र तथा रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत त्रिवेणी नहर प्रमंडल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान त्रिवेणी नहर शाखा के बाएं बांध पर कई स्थानों पर संभावित कटाव बिंदुओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बांधों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
उन्होंने बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे सभी तटबंधों एवं बांधों की नियमित मॉनिटरिंग करें, नाइट पेट्रोलिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा जहां भी कटाव या क्षति की संभावना हो, वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी रक्सौल, कार्यपालक अभियंता त्रिवेणी नहर प्रमंडल रक्सौल, अधीक्षण अभियंता तिरहुत नहर अंचल रक्सौल तथा संबंधित कनीय अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।