हजारीबाग /सुमन सिन्हा
शहर के बंशीलाल चौक स्थित मंगल बाजार के समीप गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के नए कार्यालय का उद्घाटन हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सोलर ऊर्जा अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल को कम या शून्य करने में सहायक है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उपभोक्ता बिजली वितरण कंपनी को बेचकर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान योजना के बिहार-झारखंड फ्रेंचाइजी हेमंत कुमार ने सांसद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं सांसद ने योजना के पहले लाभार्थी सुनील केशरी को सम्मानित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कई लोगों ने अपने घरों में सोलर रूफटॉप लगाने की इच्छा जताई और योजना का लाभ लेने की बात कही।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश में सौर ऊर्जा के उपयोग को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गुजरात के अहमदाबाद में बड़ी संख्या में घरों में सोलर पैनल लगे हैं और उत्तर प्रदेश में भी इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है। झारखंड में भी सरकार और केंद्र की पहल से लोगों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम कर आत्मनिर्भर बन सकें।मौके पर नीलेंदु जयपुरियार ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ सीमित अवधि तक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सब्सिडी समाप्त होने से पहले योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर सिस्टम स्थापित कराएं।
कार्यक्रम में राहुल राणा, राजीव सिन्हा, प्रभात कुमार सहित कई लाभार्थी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा रंजन चौधरी, बबलू सिंह, विजय श्री, हरीश श्रीवास्तव, सिब्रोटी चटर्जी, सुनील सिन्हा, अमरेंद्र कुमार, पंचम, विशाल, सनी तथा अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।