दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :फेडरेशन झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के रांची स्थित चैंबर भवन में शनिवार को 9वीं कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के चैंबर प्रतिनिधियों ने भाग लिया और व्यापार एवं उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में संथाल परगना प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए व्यापारियों से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। विशेष रूप से झारखंड प्रोफेशनल टैक्स से संबंधित समस्याओं, व्यावहारिक कठिनाइयों और सुधार संबंधी सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई।यह बैठक राज्य के सभी जिला चैंबरों एवं वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इस अवसर पर जामताड़ा चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रोफेशनल टैक्स से जुड़े कई ऐसे प्रावधान हैं, जिनके कारण छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना चैंबर की प्राथमिकता है। संजय अग्रवाल ने बताया कि बैठक में संथाल परगना प्रमंडल की ओर से व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए हैं।उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार एवं वाणिज्य कर विभाग इन सुझावों पर सकारात्मक विचार करेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और कर प्रणाली अधिक सरल एवं पारदर्शी बन सकेगी। उन्होंने कहा कि फेडरेशन झारखंड चैंबर लगातार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और राज्य में बेहतर व्यापारिक वातावरण बनाने के लिए प्रयासरत है। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को साझा किया। चैंबर प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की बैठकों से व्यापारियों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।